Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर में बहन का वीडियो बनाने और गाली देने से टोकने को लेकर हुए विवाद में एक चाचा ने अपने भतीजे पर ही गोली चला दी थी। अब इस मामले में पीड़ित के पिता ने पूरी आपबीती बताई है। उन्होंने बताया कि युवक को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया था। उन्होंने पीड़ित की चाची पर इस मामले में आरोप लगाया है।
भिखनपुरा इलाके में भतीजा नवनीत कुमार को गोली मारकर घायल करने वाले चाचा सुधीर सिंह उर्फ राजा सिंह अब तक फरार है। फिलहाल मामले में राजा सिंह की पत्नी सविता देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सदर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
न्यायिक हिरासत में भेजने की कवायद
उन्होंने कहा कि गोली मारने के लिए उकसाने व विवाद को बढ़ाने के मामले में वह आरोपित थी। इसके मद्देनजर गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कवायद की जा रही है। बता दें कि शनिवार की रात राजा सिंह ने भतीजे नवनीत को गोली मारकर घायल कर दिया था।
युवक के पिता ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
मामले में नवनीत के पिता मनोज कुमार सिंह ने प्राथमिकी कराई थी। इसमें कहा था कि शनिवार की रात उनकी बेटी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इसी क्रम में छत से राजा सिंह उसकी बातचीत की रिकार्डिंग कर रहा था। इस पर उन्होंने अपनी बेटी को घर के अंदर जाकर बात करने की बात कही। इस पर बेटी ने राजा सिंह को जवाब दिया कि जब हम लोगों से कोई मतलब नहीं है तो फिर हमारे परिवार के पीछे क्यों पड़े रहते हैं।
आरोप है कि इस बात को सुनकर राजा सिंह गाली देने लगे। इसी दौरान लड़की का भाई नवनीत मार्केट से घर पर आया। उसने गाली देने से मना किया। आरोप है कि इसी कहासुनी के बीच आरोपी राजा सिंह की पत्नी और युवक की चाची ने कहा कि इसे गोली मार दीजिए। इसके बाद राजा सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। नवनीत को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
