बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर जब पटना से दिल्ली तक अटकलों का बाज़ार गर्म था, तब उनकी बक्सर के एक मंदिर में पूजा करने की तस्वीरें सामने आईं.
केंद्रीय मंत्री और बक्सर के सांसद अश्विनी चौबे उनके साथ नज़र आए. नीतीश कुमार ने ख़ुद कुछ नहीं कहा लेकिन कई लोगों को तस्वीरें बहुत कुछ बोलती नज़र आईँ.
अश्विनी चौबे उसी भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं जिसके साथ मिलकर नीतीश कुमार की पार्टी ने 2019 का लोकसभा और 2020 का विधानसभा चुनाव लड़ा था.
फिलहाल नीतीश कुमार लालू प्रयास यादव के राष्ट्रीय जनता दल के समर्थन से मुख्यमंत्री हैं. साल 2022 के अगस्त महीने में नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले एनडीए से नाता तोड़ा था और सरकार बनाई थी.
अटकलें हैं कि नीतीश कुमार के एक बार फिर एनडीए में दाखिल होने का रास्ता तैयार हो चुका है.
नीतीश कुमार इन अटकलों पर मौन हैं लेकिन बिहार की राजनीति में दखल रखने वाले सभी राजनीतिक दलों की शनिवार को दिल्ली से लेकर पटना तक बैठकें और मुलाकातों का दौर जारी रहा.
