Bihar STET Admit Card Out: बिहार एसटीईटी परीक्षा का डमी एडमिट कार्ड आज 29 दिसंबर को जारी होगा। अभ्यर्थी विशेष विद्यालय अध्यापक पात्रता परीक्षा (बीएसएसटीईटी) 2023 के डमी एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट bsebstet.com पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे। डमी एडमिट कार्ड बिहार बोर्ड एसटीईटी की वेबसाइट bsebstet.com पर 6 जनवरी तक उपलब्ध रहेंगे। इस बीच अभ्यर्थी डमी एडमिट कार्ड देख सकते हैं और किसी तरह की त्रुटि होने पर उसमें सुधार कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि अभ्यर्थी अपने यूजर आईडी व पासवर्ड की मदद से डमी एडमिट कार्ड में करेक्शन कर सकेंगे।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को फीस जमा कराने के लिए 28 दिसंबर तक की मोहलत दी थी। जिनका शुल्क जमा नहीं होगा, ऐसे अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा।
डमी एडमिट कार्ड में सुधार के क्रम में जिन आवेदकों के कोटि में बदलाव होता है तो उन्हें परिवर्तित कोटि के लिए तय शुल्क की राशि भुगतान करना होगा यानी एससी, एसटी, दिव्यांग कोटि के आवेदक कोटि सुधारोपरांत अन्य कोटि में चले जाते हैं तो उन्हें उस कोटि के लिए तय फीस की अंतर राशि एक पेपर के लिए 200 और दोनों पेपर के लिए 300 रुपये ऑनलाइन विधि से 3 जनवरी 2024 तक जमा करनी होगी। वरना एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा। 3 जनवरी के बाद कोई सुधार मान्य नहीं होगा।
एसटीईटी का एग्जाम पैटर्न
बिहार एसटीईटी परीक्षा माध्यमिक कक्षाओं के लिए तय सिलेबस के मुताबिक पेपर-1 (माध्यमिक) के तहत आने वाले विषय और उच्च माध्यमिक कक्षाओं के लिए तय सिलेबस के अनुसार पेपर-2 (उच्च माध्यमिक) के तहत आने वाले विषय के लिए आयोजित होगी। पेपर-1 व पेपर-2 में 100 प्रश्न निर्दिष्ट विषय से होंगे और 50 अंक शिक्षक कला, अन्य दक्षताओं से होंगे। यानी कुल 150 प्रश्न होंगे। सीबीटी मोड से आयोजित होने वाली परीक्षा की अवधि ढाई घंटे की होती है।
